इंटरव्यू में कई तरह के प्रश्न पूछे जाते हैं। लेकिन एक प्रश्न- ‘हम आपको क्यों चुनें?’ के उत्तर में अगर आप गड़बड़ा जाते हैं, तो यह इंटरव्यू की दिशा ही बदल सकता है। इसके लिए कुछ तैयारी करनी जरूरी है।आपको कोई कंपनी क्यों अपने यहां कर्मचारी के तौर पर चुनें? इस प्रश्न का उत्तर कुछ ऐसे देना है कि आप हर मुश्किल का हल करने में सक्षम दिखाई दें और आपका कंपनी में होना अनिवार्य लगे।

अपने स्किल को जताएं 
अपने और कंपनी के लक्ष्यों के आधार पर साबित करें कि किस तरह आपके स्किल और अनुभव कंपनी के लक्ष्यों के साथ मिलकर विकास की राह बनाएंगे और बताएं कि किस तरह अपने स्किल के साथ आप कंपनी के लक्ष्यों के लिएसर्वोत्तम चयन साबित होंगे।

कंपनी की जानकारी रखें 
यह जरूरी है कि आपको कंपनी के बारे में जानकारी हो। कंपनी के बारे में जो तथ्य और आंकड़ें आपने विश्वसनीय स्रोतों से जुटाएं हैं, उन्हें अपने उत्तर में शामिल करें।

अपने मजबूत पक्षों को बताएं 
नियुक्ति के लिए आप सही व्यक्ति हैं, इसके उत्तर का आधार स्पष्ट रूप से वे गुण और स्किल होने चाहिए, जिनमें आपको विशेषज्ञता प्राप्त है। अपनी विशेषताओं को उदाहरण से बता सकते हैं, लेकिन उदाहरण सिर्फ उस नियुक्ति और कार्य जिम्मेदारियों से सम्बंधित हो, जिसके लिए आपने आवेदन किया है।

कमजोर ना पड़ें 
इंटरव्यू करने वाले लोगों का सामना रोज कई तरह के लोगों से होता है। वे आपको तरह-तरह से परखेंगे। उन्हें गलत जानकारी ना दें। उनके  सामने कमजोर पड़ना, आत्मविश्वास खो देना भारी पड़ेगा। अपनी कमजोरियों को किस तरह अपनी मजबूती बनाकर पेश कर सकते हैं, इसकी तैयारी रखें। पद में अपनी रुचि जताएं : जॉब डि्क्रिरप्शन सावधानी से पढ़ें। इसके बारे में अपना उत्साह जताएं, ताकि इंटरव्यूअर को यह अहसास रहे कि आप यह जॉब चाहते हैं।

व्यक्तित्व को सामने लाएं
व्यक्तित्व के गुण, जैसे- एनर्जी लेवल, व्यवहार कुशलता, काम करने का तरीका आदि। नियोक्ता ने जो ऐसे इच्छित गुण बताए हैं, उनकी लिस्ट तैयार करें। और मौका मिले, तो उदाहरण के साथ उसे बता सकते हैं।

अपनी उपलब्धियों के बारे में बात करें 
यह प्रश्न वो मौका होता है, जब आप अपनी उपलब्धियों के बारे में बात करें। कुछ इस तरह, मानो अपना ढोल खुद ही पीट रहे हों। बिल्कुल ऐसे सोचें, मानो आप कोई उत्पाद हों और आपको इस बात का समाधान खोजना है कि कोई कस्टमर आपको क्यों खरीदे।

ये उत्तर देने से बचें 
–  ‘मैं मेहनती हूं।’ सिर्फ इस गुण से बात नहीं बनती।
–  ‘मैं इस काम में माहिर हूं।’ इस वाक्य में लक्ष्य और लगन, दोनों नदारद हैं।
–  ‘इसी तरह के माहौल में पहले भी काम करने का अनुभव है।’ यह संतोष जनक कारण नहीं होता।

उत्तर संक्षिप्त, स्पष्ट और आत्मविश्वास से दें। महत्वपूर्ण बिंदुओं के सामने आने पर उन्हें मिलाकर जवाब तैयार करना आपको आना चाहिए। नए आइडियाज के लिए खुले मन से तैयार बैठें। याद रखिए कि आप क्या चाहते हैं, यह अहम नहीं है, बल्कि अहम है कि वे किन गुणों और स्किल्स की तलाश में हैं।