Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर पद के लिए कई नामों पर चर्चा थी. इनमें जेएनयू के मौजूदा वीसी एम जगदीश कुमार, एडीएन वाजपेई और संगीता मिश्रा आदि के नाम शामिल थे.

नई दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय को को नया वाइस चांसलर मिल गया है. प्रोफेसर योगेश सिंह को दिल्ली विश्वविद्यालय का नया वाइस चांसलर बनाया गया है. प्रो. सिंह अभी तक दिल्ली टेक्नोलॉजिकल विश्वविद्यालय में वाइस चांसलर के रूप में सेवाएं दे रहे थे. यह जानकारी बुधवार को शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने दी. उन्होंने बताया कि देश के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विजिटर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दो वाइस चांसलर की नियुक्ति पर मुहर लगाई. योगेश सिंह को डीयू का तो नीलिमा गुप्ता को डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर (मध्य प्रदेश) का वाइस चांसलर बनाया गया है. नीलिमा गुप्ता अभी तक तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में सेवाएं दे रही थीं.
बता दें कि डीयू के वाइस चांसलर के लिए कई नामों पर चर्चा थी. इनमें जेएनयू के मौजूदा वीसी एम जगदीश कुमार, एडीएन वाजपेई और संगीता मिश्रा आदि के नाम शामिल थे.